आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के बीच बछरावां विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति तेज हो गई है। क्षेत्रीय विधायक श्याम सुंदर भारती द्वारा विधायक निधि के माध्यम से जनहित से जुड़े विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को पहरेमऊ बैंक परिसर में 270 लीटर क्षमता वाले आरओ वाटर कूलर का लोकार्पण किया गया।
क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए स्थापित किए गए इस आरओ वाटर कूलर से बैंक आने वाले ग्राहकों, ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों को भीषण गर्मी के दौरान शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विधायक श्याम सुंदर भारती ने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बताया गया कि यह आरओ वाटर कूलर वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत विधायक निधि से स्वीकृत योजना के तहत स्थापित किया गया है। इसका निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड, कानपुर के निर्माण खंड-1 द्वारा कराया गया है।
विधायक ने जानकारी देते हुए बताया कि बछरावां विधानसभा क्षेत्र के कुल 10 गांवों में 270 लीटर क्षमता वाले ऐसे आरओ वाटर कूलर स्थापित किए जाने की योजना स्वीकृत हो चुकी है तथा इसके लिए आवश्यक धनराशि भी जारी कर दी गई है। चयनित गांवों में पहरेमऊ, मऊ, हलोर, थुलवासां, ओसाह, सेहगों, पूरे मूड़ू, रानीखेड़ा, राजामऊ तथा तिलेंडा शामिल हैं।
स्थानीय लोगों ने विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीणों तथा आमजन को काफी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में द्वारिका प्रसाद चौरसिया, बाबू यादव, रामकिशोर यादव, परवेज, राजू खान, श्याम लाल यादव, राघवेंद्र कुमार शर्मा, सरवर, जगदेव, बृजेश कुमार, रामकिशोर प्रधान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






