खेत की सिंचाई के दौरान पाइप लाइन फटने पर विवाद, युवक का सिर फूटा; दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज/रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के कुसुढ़ी सागरपुर गांव में खेत की सिंचाई के लिए बिछाई गई पाइप लाइन फटने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी उदयराज मौर्य ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि सोमवार देर शाम वह जीन पाइप के माध्यम से अपने खेत की सिंचाई कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के आकाश ने अपनी स्कूटी पाइप लाइन पर चढ़ा दी, जिससे पाइप फट गई। विरोध करने पर आकाश गाली-गलौज करते हुए वहां से चला गया।पीड़ित का आरोप है कि कुछ देर बाद आकाश गांव के ही घनश्याम मौर्य के साथ लोहे की रॉड लेकर वापस आया और उसके पुत्र दशरथ मौर्य पर हमला कर दिया। हमले में दशरथ के सिर पर गंभीर चोट आई और उसका सिर फट गया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीश यादव ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आकाश और घनश्याम मौर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें