महराजगंज/रायबरेली। ज्येष्ठ मास के आठवें एवं अंतिम बड़े मंगल के पावन अवसर पर महराजगंज कस्बा पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। नगर के विभिन्न धार्मिक स्थलों एवं प्रमुख स्थानों पर पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ और विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बजरंगबली के दर्शन किए तथा प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा।
पुराने बस अड्डे के समीप स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में पत्रकारों, सभासदों एवं व्यापारियों के संयुक्त सहयोग से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं को चावल, छोला एवं बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण करते रहे।

वहीं रायबरेली रोड स्थित प्राचीन श्री हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में भी भव्य धार्मिक अनुष्ठान एवं विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में उमड़ पड़ी। हनुमान चालीसा पाठ, सुंदरकांड एवं पूजन-अर्चन के बीच भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। यहां आयोजित भंडारे में पूड़ी, सब्जी, बूंदी, चना एवं फल का प्रसाद हजारों श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।
इसके अतिरिक्त बछरावां रोड स्थित प्रभात इलेक्ट्रॉनिक, दिनेश इंटरप्राइजेज, श्री कृष्णा इंटरप्राइजेज, सलोनी इंटरप्राइजेज (पीएम सूर्य घर), देव इलेक्ट्रॉनिक एवं विश्वकर्मा फर्नीचर के संयुक्त तत्वावधान में भी विशाल पूजा-अर्चना एवं भंडारे का आयोजन किया गया। यहां श्रद्धालुओं को पूड़ी, सब्जी एवं बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद वितरण का क्रम देर शाम तक चलता रहा।

नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू ने कहा कि बड़ा मंगल केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं तथा जनसहभागिता से उनकी भव्यता और बढ़ जाती है। उन्होंने सभी आयोजकों एवं सहयोगियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
पूर्व विधायक राजाराम त्यागी ने कहा कि महराजगंज क्षेत्र की धार्मिक परंपराएं अत्यंत समृद्ध हैं और बड़े मंगल जैसे आयोजन लोगों को एक सूत्र में बांधकर सामाजिक एकता का संदेश देते हैं। भाजपा नेता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विद्यासागर अवस्थी ने इसे सेवा और समर्पण की भावना का जीवंत उदाहरण बताते हुए कहा कि भंडारों में सभी वर्गों के लोगों का एक साथ प्रसाद ग्रहण करना भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी विशेषता है।
प्रेस क्लब महराजगंज के अध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव ने कहा कि हनुमान जी की आराधना के साथ भंडारे का आयोजन जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं प्रेस क्लब के संरक्षक शिवाकांत अवस्थी ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करते हुए कहा कि बड़े मंगल का पर्व सेवा, श्रद्धा और समर्पण का संदेश देता है तथा समाज में सद्भाव को मजबूत करता है।
विशिष्ट अतिथि नीलू सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन जनकल्याण और लोकमंगल की भावना को साकार करते हैं, जबकि पूर्व प्रधान शिव बालक पाल ने आयोजन समिति की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में सहयोग और सद्भाव की भावना मजबूत होती है।
मंदिर समिति के पदाधिकारी लक्ष्मी शंकर श्रीवास्तव ने बताया कि ज्येष्ठ माह के सभी बड़े मंगल कार्यक्रमों को इस वर्ष भी भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया गया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और सेवा कार्य में जुटे युवाओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नामित सभासद विजय धीमान, सभासद नूरुल हसन, धर्मेंद्र वर्मा, अलीम, मुस्ताक, युवा पत्रकार दिलीप जायसवाल, सुमित श्रीवास्तव, क्षितिज, श्यामू, प्रेमू, राहुल, सत्रोहन, जगजीत सरदार, आरिफ, किदवई, चौधरी, देवेंद्र चौरसिया, अभयद्वीप, आर्यन, तजमुल, सुरेंद्र शुक्ला, इंद्रदेव शुक्ला, बबलू शुक्ला, ओम प्रकाश शुक्ला, सर्वोत्तम सिंह, प्रभात कुमार चौधरी, आनंदपाल, दिनेश कुमार, देव, धर्मेंद्र कुमार, अभिनव शुक्ला, अमरपाल विश्वकर्मा, दिलीप विश्वकर्मा, जगदीश, गौरव, शिवम, अजय, अनिल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, व्यापारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे दिन चले धार्मिक आयोजनों और भंडारों में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता के संग संपन्न हुए इन आयोजनों ने महराजगंज में बड़े मंगल की गरिमामयी परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








