
महराजगंज/रायबरेली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर महराजगंज कस्बे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान केक काटकर राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया गया तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, क्षेत्रीय नागरिक एवं समर्थक मौजूद रहे। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को केक खिलाकर खुशी का इजहार किया और जननेता राहुल गांधी के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी ने कहा कि राहुल गांधी लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और आम जनता के अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाने वाले नेता हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं तथा वंचित वर्गों के हितों के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं और उनकी राजनीति जनसेवा एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित है।
सुशील पासी ने कहा कि राहुल गांधी का जीवन देश के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने हमेशा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ी है। उन्होंने राहुल गांधी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना करते हुए कहा कि वे देशहित और जनहित के मुद्दों को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाते रहें।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने तथा संविधान की मूल भावना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी देश में भाईचारे, समानता और लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम का माहौल उत्साह और उल्लास से भरपूर रहा। इस अवसर पर मो. उमर, ताहिर कुरैशी, बृजेश पासी, राधेश्याम एडवोकेट, मुनीर भाई, अज़मल खान, सुनील कुमार, शीतांशु मौर्य, चाँद भाई, रमेश पासी, बिंधा पासी, बाला प्रसाद मौर्य, संदीप मौर्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






