
करनैलगंज, गोंडा। तहसील करनैलगंज के विकास खंड परसपुर अंतर्गत ग्राम बलमथर में मतदाता सूची से कथित रूप से करीब 600 लोगों के नाम हटाए जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता दलजीत सिंह पुत्र स्व. शिवकुमार सिंह सहित दर्जनों ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी करनैलगंज को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि मतदाता सूची सत्यापन के दौरान भारी अनियमितताएं बरती गईं, जिसके चलते वर्षों से मतदान कर रहे लोगों के नाम सूची से गायब हो गए।
शिकायती पत्र पर अंकित सिंह, सुन्दरलाल, ललित सिंह, प्रदीप सिंह, प्रवीण सिंह, अनुराग सिंह, रामदेवी, गोपाल सिंह, संजय सिंह, शुभम सिंह, आकाश सिंह, नानू सिंह, दिलीप सिंह, सत्यदेव सिंह, अभिषेक प्रताप सिंह, जयदीप प्रताप सिंह, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, विजय, दीपक सिंह और सुभाष समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर दर्ज हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि राजनीतिक रंजिश और चुनावी समीकरणों के चलते उनके नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनके नाम पुनः सूची में शामिल नहीं किए गए और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






