लालगंज। थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक गंभीर घटना सामने आई, जिसमें हिंदुस्तान अखबार के पत्रकार सूरज मिश्रा एवं उनके भाई नीरज मिश्रा पर हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालगंज स्थित कुआनो नदी किनारे मंदिर तोड़े जाने संबंधी समाचार प्रकाशित होने के बाद विवाद उत्पन्न हो गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर 20 से 25 युवकों ने पत्रकार सूरज मिश्रा की बलेनो कार को घेर लिया और वाहन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने सूरज मिश्रा और उनके भाई नीरज मिश्रा के साथ मारपीट की।
हमले में पत्रकार सूरज मिश्रा घायल हो गए, जबकि नीरज मिश्रा की नाक में गंभीर चोट लगने से लगातार रक्तस्राव होने लगा। दोनों घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नीरज मिश्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमले के कारणों तथा आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







