बहराइच में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया दरोगा, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बहराइच। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने रिसिया थाने में तैनात उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र चौहान को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, रिसिया थाना क्षेत्र के ग्राम रमुवापुर निवासी राम हुकुम मौर्य के खिलाफ थाने में एक मुकदमा दर्ज था। आरोप है कि उक्त मुकदमे में छेड़छाड़ की धारा बढ़ाने तथा जेल न भेजने के एवज में उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र चौहान द्वारा 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

पीड़ित ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन संगठन से की। शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन देवीपाटन मंडल, गोंडा के ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। 9 जून 2026 को दोपहर करीब 2:17 बजे, जैसे ही उपनिरीक्षक ने रिसिया थाने स्थित अपने सरकारी कक्ष में शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये की रिश्वत ली, पहले से जाल बिछाकर बैठी एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी दरोगा के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें