ज्येष्ठ माह के छठे मंगलवार पर नगर व क्षेत्र में गूंजे भक्ति के स्वर, जगह-जगह हुए हवन-पूजन व भंडारे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज/रायबरेली। ज्येष्ठ माह के छठे मंगलवार के अवसर पर नगर एवं क्षेत्र में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विभिन्न मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर हवन-पूजन, भंडारे और प्रसाद वितरण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।रायबरेली रोड स्थित हनुमानगढ़ी में ज्ञान प्रकाश जायसवाल द्वारा बड़े बाबा के स्थान पर विशेष पूजा-अर्चना एवं भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं बछरावां रोड पर अमर उजाला प्रतिनिधि के आवास परिसर में सभासद अनुपमा पाण्डेय एवं किशू पाण्डेय के सहयोग से भंडारे का आयोजन हुआ। इंडियन बैंक के राजेश मिश्रा द्वारा भी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था कराई गई।नगर पंचायत कार्यालय परिसर में सफाई नायकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त सारीपुर गांव में कृष्ण गोपाल श्रीवास्तव के आवास स्थित हनुमान मंदिर पर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में हवन-पूजन के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

महराजगंज-हैदरगढ़ रोड, इन्हौना रोड, चंदापुर रोड तथा बछरावां मुख्य मार्ग सहित कई स्थानों पर भी धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।

सभी कार्यक्रमों में नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजनकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में आपसी सौहार्द, सहयोग और जनसेवा की भावना को मजबूत करते हैं।उधर क्षेत्र के मऊ बाजार में वरिष्ठ व्यवसायी ललित गुप्ता ने अपने प्रतिष्ठान परिसर स्थित शिव मंदिर में भंडारे का आयोजन कराया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

पूरे दिन नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा। विभिन्न धार्मिक आयोजनों में लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली, जिससे क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें