
कर्नलगंज, गोंडा। जनपद में लगातार बढ़ रही बकरी चोरी की घटनाओं के बीच कर्नलगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक संगठित बकरी चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 09 बकरियां एवं बकरे, चोरी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन, एक पल्सर मोटरसाइकिल तथा नकदी बरामद की गई है।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कर्नलगंज पुलिस ने दत्तनगर मोड़ के पास कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती एवं आसपास के जिलों में सक्रिय एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं। गिरोह के सदस्य पहले गांवों में रेकी करते थे और फिर रात के समय घरों एवं पशुबाड़ों से बकरियां चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए पशुओं को दूसरे जिलों, विशेषकर बहराइच की मंडियों में बेचने की तैयारी की जाती थी।जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी कई बार चोरी की बकरियों को विभिन्न पशु मंडियों में बेच चुके हैं। कर्नलगंज क्षेत्र से चोरी हुई नौ बकरियां पुलिस ने बरामद कर ली हैं, जिससे पीड़ित पशुपालकों को बड़ी राहत मिली है।
ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में काफी आक्रोश था। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है और इस खुलासे से कई अन्य चोरी की घटनाओं के राज खुलने की संभावना है।
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






