महराजगंज, रायबरेली। बछरावां रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने आयोजित बुद्ध जन्मोत्सव समारोह में जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, महंगाई और सरकारी संस्थानों के निजीकरण जैसे मुद्दों को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश में शिक्षा का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं, विद्यालयों के बंद होने तथा शिक्षकों पर गैर-शैक्षणिक कार्यों का बोझ बढ़ाए जाने को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने दावा किया कि हजारों विद्यालय बंद हो चुके हैं, जिससे गरीब और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।अपने संबोधन में उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी और सरकारी कंपनियों के निजीकरण को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं, जिससे युवाओं में निराशा बढ़ रही है। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा और उनके साथ हो रही घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने भारतीय संविधान के सम्मान और सामाजिक समानता पर जोर देते हुए कहा कि समाज को जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि “मनुष्य एक है, जियो और जीने दो” की भावना ही समाज को मजबूत बना सकती है। उन्होंने लोगों से संविधान की मूल भावना को अपनाने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को जाति और अन्य आधारों पर बांटकर समाज में भ्रम और वैमनस्य फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मानवता और समानता से बड़ा कोई धर्म या पहचान नहीं हो सकती।कार्यक्रम में उन्होंने बढ़ती महंगाई, रसोई गैस के दामों में वृद्धि और देश की आर्थिक स्थिति को लेकर भी अपनी बात रखी तथा लोगों से जागरूक होकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री शत्रुघ्न मौर्य, जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष कोरी सुभाष चन्द्र लहरी, ब्रम्ह कुमार मौर्य, छोटेलाल मौर्य, बाला प्रसाद मौर्य, जगजीवन मौर्य, रामनरेश मौर्य, विजय कुमार मौर्य, राम नारायण मौर्य, रामबचन मौर्य, संतोष कुमार मौर्य, जिला सचिव राम नरेश मौर्य, असीम कुमार मौर्य, रामफेर मौर्य, सतीश कुमार मौर्य, चन्द्रभान मौर्य, मनोज कुमार मौर्य, आशीष मौर्य, राजू मौर्य, रामदास गुप्ता, विमलेश कुमार मौर्य एवं पूर्व प्रधान शिव कुमार मौर्य सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम में लोगों की भारी भागीदारी देखने को मिली, जिससे आयोजन सफल एवं प्रभावशाली रहा।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







