
गोण्डा। जनपद के कर्नलगंज कस्बे के मोहल्ला सकरौरा पूर्वी स्थित अंसारी मस्जिद के सामने उस समय हड़कंप मच गया जब बच्चों को खेलने के समय सिक्के मिलने लगे ,मौके पर लोग पहुंचे और खुदाई करने लगे जिसके दौरान 19वीं सदी के ब्रिटिश काल के बड़ी संख्या में प्राचीन सफेद धातु के सिक्के और एक घड़ा मिलने की चर्चा फैल गई। देखते ही देखते मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई और बच्चों से लेकर जवान तक जो जितना पा सका, सिक्के समेटकर ले गया। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक जमीन के अंदर अभी भी सिक्कों से भरा घड़ा दबा होने की संभावना जताई जा रही है। यही वजह है कि रात के अंधेरे में भी कुछ लोग मौके पर पहुंचकर कथित रूप से सिक्के निकालने और हजम करने की फिराक में लगे हुए हैं। बताया जा रहा है कि सिक्कों की लूट और मौके पर मची अफरा-तफरी की पूरी घटना सामने स्थित अंसारी मस्जिद और पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और कुछ लोगों के फोन कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलने पर कस्बा चौकी इंचार्ज कर्नलगंज मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही। वहीं अभी भी मौके पर काफी मात्रा में प्राचीन सिक्कों से भरा घड़ा जमीन में दबे होने की बात कही जा रही है, जिसके चलते रात में खुदाई की तैयारी की आशंका जताई जा रही है। क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है और स्थानीय लोग पहरा देते हुए अपनी-अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी घटना और ऐतिहासिक महत्व की संभावना होने के बावजूद प्रशासन पूरी तरह बेखबर नजर आ रहा है। अभी तक किसी भी सक्षम अधिकारी, मजिस्ट्रेट, पुरातत्व विभाग या पुलिस प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर गहन छानबीन नहीं की गई है। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि यदि समय रहते प्रशासन ने जांच नहीं कराई तो ऐतिहासिक महत्व के कई दुर्लभ सिक्के और पुरावशेष हमेशा के लिए गायब हो सकते हैं।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज








