ग्राम पंचायतों में प्रधानों की रेटिंग की जानकारी देगा, गांव-गांव पहुंचेगा अभियान।
कर्नलगंज (गोण्डा)। क्षेत्र में जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक भास्कर द्वारा मंगलवार को एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई। कर्नलगंज बस स्टैंड के पास स्थित डाक बंगला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


उपजिलाधिकारी को बैग और पंपलेट भेट करते दैनिक भास्कर के पत्रकार कैफ सिद्दीकी।
रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित इस प्रचार वाहन के रवाना होते ही वहां मौजूद लोगों ने तालियों की गूंज के साथ इसका स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत कस्बा चौकी प्रभारी शिवनाथ गुप्ता अपनी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। इनमें अशोक सिंह, शिवम सिंह रैकवार, हर्षित सिंह सूर्यवंशी, मोहम्मद हारून, दुर्गेश, मोहम्मद इमरान, मैनुद्दीन, संदीप मिश्रा सहित अनेक लोग शामिल रहे। साथ ही पत्रकार जगत से जुड़े एम.डी. मौर्य, पवनदेव सिंह, भूपेंद्र तिवारी, अंग्रेज गुप्ता, अभय प्रताप सिंह, आशीष चौरसिया, मोहम्मद कैफ सिद्दीकी, सचिन दूबे, अनुपम पांडेय, अंकित गोस्वामी, वीरेंद्र कुमार एवं संदीप शुक्ला आदि की भी सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम नेहा मिश्रा ने कहा कि दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्र समाज में जागरूकता फैलाने और निष्पक्ष व विश्वसनीय समाचार जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रचार वाहन के माध्यम से अखबार की पहुंच ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में और सुदृढ़ होगी, जिससे लोगों को ताजा खबरें आसानी से मिल सकेंगी।
इस अभियान की खास बात यह है कि प्रचार वाहन जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंचकर वहां के प्रधानों की रेटिंग संबंधी जानकारी देगा। इसके जरिए ग्रामीण जनता अपने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का मूल्यांकन कर सकेगी और जनप्रतिनिधियों के कार्यों पर अपनी प्रतिक्रिया भी दे पाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दैनिक भास्कर की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनजागरण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। यह अभियान निश्चित रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक सहभागिता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज








