अंबेडकर जयंती पर गोण्डा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, सामाजिक न्याय के संदेश गूंजे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जनपद गोण्डा एवं देवीपाटन मंडल मुख्यालय पर श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहब के चित्र एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया।

बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर जी के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए मंडलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील
बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर जी के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए मंडलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील।

 

देवीपाटन मंडल मुख्यालय स्थित मंडलायुक्त सभागार में आयोजित कार्यक्रम में आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, सामाजिक सरोकारों और भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों को स्थापित कर देश को मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया।

अपने संबोधन में आयुक्त ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे उनके विचारों एवं साहित्य का अध्ययन करें और समाज में व्याप्त असमानताओं को दूर करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।

वहीं जनपद मुख्यालय पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने अंबेडकर चौराहे पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भी उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को याद किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि बाबा साहब का जीवन समर्पण, शिक्षा और सामाजिक न्याय का प्रतीक है, जिससे सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ करने तथा योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इसके अलावा विकास भवन सहित जनपद के विभिन्न स्थानों पर भी जयंती समारोह आयोजित किए गए, जहां अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने बाबा साहब के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रमों का समापन सामाजिक समरसता, समानता और न्याय के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें