विद्युत तार हादसे में पत्रकार की मौत पर मजिस्ट्रेटी जांच, 4 सदस्यीय कमेटी गठित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा, 10 अप्रैल 2026। जनपद में हिन्दुस्तान दैनिक समाचार पत्र के युवा पत्रकार रंजीत कुमार तिवारी (34 वर्ष) की विद्युत तार गिरने से हुई दर्दनाक मौत के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश जारी किए हैं।

जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर अपर जिला मजिस्ट्रेट आलोक कुमार ने इस प्रकरण की जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। गठित कमेटी में नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, अधीक्षण अभियंता विद्युत सुशील कुमार यादव, उपजिलाधिकारी (न्यायिक) मनकापुर/तरबगंज जितेन्द्र गौतम तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर आनंद कुमार राय को शामिल किया गया है।

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जांच कमेटी घटना के सभी पहलुओं—तकनीकी, प्रशासनिक और परिस्थितिजन्य तथ्यों—की गहनता से जांच करेगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि इस हादसे में किसी प्रकार की लापरवाही या चूक तो नहीं हुई।

कमेटी को निर्देशित किया गया है कि वह 15 दिनों के भीतर अपनी संयुक्त हस्ताक्षरित विस्तृत जांच रिपोर्ट अपर जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में प्रस्तुत करे। रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि ग्राम पथवलिया, पोस्ट पोर्टरगंज निवासी पत्रकार स्वर्गीय रंजीत तिवारी की आकस्मिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय नागरिकों और पत्रकार संगठनों ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें