गोंडा में हाईटेंशन लाइन का कहर: पत्रकार रंजीत तिवारी की मौत, कई अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोंडा।जनपद के नगर क्षेत्र अंतर्गत पोर्टरगंज पथवलिया मोहल्ले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन अचानक टूटकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वरिष्ठ पत्रकार रंजीत तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया। मौके पर मौजूद लोग इस भयावह दृश्य को देखकर सहम गए। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे अचानक तार टूटकर नीचे गिरा, उसी समय वहां मौजूद पत्रकार इसकी चपेट में आ गए।

इस मामले में थाना कोतवाली नगर में एफआईआर संख्या 0322/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत बिजली विभाग के जेई, एसडीओ, एक्सईएन, एसई और चीफ इंजीनियर को नामजद किया है।

10 वर्षों से उठ रही थी मांग
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस हाईटेंशन लाइन को हटाने या स्थानांतरित करने की मांग पिछले करीब 10 वर्षों से लगातार की जा रही थी। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसका खामियाजा अब एक जान गंवाकर चुकाना पड़ा।

जांच के लिए टीम गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय टीम गठित कर दी है। टीम को निर्देश दिए गए हैं कि दोषी अधिकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

परिजनों में आक्रोश
हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, साथ ही क्षेत्र में जर्जर विद्युत लाइनों को तत्काल दुरुस्त कराने की भी बात कही है।

बड़ा सवाल: कब जागेगा विभाग?
यह हादसा बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि समय रहते शिकायतों पर ध्यान दिया जाता, तो शायद यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें