

गोण्डा। जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पहाड़ापुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि अनिल श्रीवास्तव पर चुनावी रंजिश के चलते एक युवक के खिलाफ झूठा दुष्कर्म मुकदमा दर्ज कराने का दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब महिला ने स्वयं थाने पहुंचकर अपनी पूर्व में दी गई शिकायत वापस लेने की मांग की।
महिला द्वारा थाना प्रभारी को दिए गए लिखित प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि 22 मार्च 2026 को प्रधान प्रतिनिधि अनिल श्रीवास्तव ने उन्हें धमकाते हुए महबूब अली नामक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने के लिए दबाव बनाया। महिला के अनुसार, उन्हें लालच दिया गया कि यदि वह ऐसा करती हैं तो उन्हें सरकारी सुविधाएं और एक लाख रुपये दिलवाए जाएंगे।
महिला ने बताया कि पहले उन्होंने इस प्रस्ताव से इनकार कर दिया था, लेकिन कथित दबाव और धमकी के चलते उन्होंने 22 मार्च को थाना कटरा बाजार और 23 मार्च को पुलिस अधीक्षक गोण्डा को शिकायत दे दी। इतना ही नहीं, आरोप है कि उन्हें गोंडा ले जाकर मीडिया के सामने भी पेश किया गया।
हालांकि, अब महिला ने स्पष्ट किया है कि वह अपनी पूर्व शिकायत पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती हैं। उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि वह पूरी तरह होशोहवास में बिना किसी दबाव के अपनी शिकायत वापस ले रही हैं।
इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज







