फार्मर रजिस्ट्री व सीमांकन कार्यों में लापरवाही पर सख्त DM, लेखपाल निलंबन के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा, 19 मार्च 2026।

जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में तहसील करनैलगंज के विकास एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री, अंश निर्धारण, चकमार्ग तथा सार्वजनिक भूमि सीमांकन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया गया।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवों एवं लेखपालों से फार्मर रजिस्ट्री की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिए कि यह कार्य निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत पूरा किया जाए, ताकि किसानों के अभिलेखों का डिजिटलीकरण एवं सत्यापन समय पर सुनिश्चित हो सके।

चकमार्ग एवं सार्वजनिक भूमि के सीमांकन पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इन कार्यों का ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।

बैठक के दौरान कार्यों में खराब प्रगति पाए जाने पर तहसील करनैलगंज में तैनात लेखपाल आत्माराम के निलंबन के लिए उपजिलाधिकारी को निर्देश दिए गए। साथ ही अन्य लेखपालों एवं ग्राम पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर सभी संबंधित कार्य पूर्ण किए जाएं, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग एवं समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, अपर उपजिलाधिकारी विनीत कुमार, जिला पंचायत अधिकारी लालजी दुबे, उपनिदेशक कृषि प्रेम कुमार ठाकुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें