पाल्हापुर में “पंचायत उत्सव भवन” का भूमि पूजन, विधायक, डीएम व सीडीओ ने रखा शिलान्यास।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा, 12 मार्च 2026।विकासखंड करनैलगंज की ग्राम पंचायत पाल्हापुर में क्षेत्रीय विकास को गति देने के उद्देश्य से “पंचायत उत्सव भवन” का भूमि पूजन कर विधिवत शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में करनैलगंज के विधायक अजय सिंह, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन तथा मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ग्राम पंचायत पाल्हापुर में ग्रामीणों की सहभागिता के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजन के साथ हुई। इसके बाद विधायक, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर “पंचायत उत्सव भवन” की आधारशिला रखी। उपस्थित ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

 

इस अवसर पर विधायक अजय सिंह ने कहा कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार के भवनों का निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि “पंचायत उत्सव भवन” ग्रामीणों के लिए बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों के लिए एक मजबूत मंच उपलब्ध कराएगा, जिससे गांव में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि शासन की मंशा ग्राम पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। “पंचायत उत्सव भवन” का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे ग्राम स्तर पर सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी और प्रशासन व ग्रामीणों के बीच समन्वय मजबूत होगा।

मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने बताया कि भवन के निर्माण से ग्राम पंचायत में विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामाजिक गतिविधियों के आयोजन के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा। इससे ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ेगी और पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी करनैलगंज नेहा मिश्रा, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दूबे, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें