
गोण्डा, 04 फरवरी 2026।उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह ने बुधवार को जनपद गोण्डा का दौरा किया। आगमन के पश्चात उन्होंने सर्किट हाउस गोण्डा में महिला संबंधी मामलों की जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान कुल 06 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 02 प्रकरणों का मौके पर ही तत्काल निस्तारण करा दिया गया, जबकि शेष 04 प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर एकता सिंह ने कहा कि महिलाओं की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं संवेदनशील निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी महिला के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रत्येक पीड़ित महिला को हरसंभव न्याय दिलाया जाएगा।
जनसुनवाई से पूर्व महिला आयोग की सदस्य ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया,और सीधे मरीजों से बात कर उनके हाल जाने,अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र बटौरा बख्तावर सिंह का निरीक्षण कर बच्चों एवं महिलाओं को प्रदान की जा रही पोषण सेवाओं, पंजीकरण, उपस्थिति और व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा कार्यकत्रियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद प्रशिक्षण संस्थान में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा, एएनएम तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में दर्जीकुंआ स्थित शिवबहादुर द्वारा आयोजित चाय आमंत्रण कार्यक्रम में एकता सिंह ने सहभागिता की।इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय उपाध्याय, जिला समाज कल्याण अधिकारी एस.पी. सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार, महिला थाना प्रभारी अनीता यादव, संरक्षण अधिकारी चन्द्रमोहन वर्मा, सेंटर मैनेजर चेतना सिंह, सिद्धनाथ पाठक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज






