बीस साल पुराने भूमि विवाद में युवक की धारदार हथियार से हत्या, भाई गंभीर घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोंडा।
जनपद गोंडा में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के नारायणपुर मांझा स्थित दुल्हिन पुरवा गांव में बीस वर्ष पुराने भूमि विवाद ने मंगलवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी करीब 30 वर्षीय शिवशंकर दुबे उर्फ लल्ला दुबे, पुत्र देवी दयाल, मंगलवार रात अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही छत्तर बली दुबे अपने चार बेटों सुनील, विनोद, धर्मेंद्र और रविंद्र दुबे के साथ मौके पर पहुंचे। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि पिता-पुत्रों ने मिलकर लल्ला दुबे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान लल्ला दुबे को बचाने पहुंचे उनके भाई अमरनाथ दुबे पर भी हमला किया गया। अमरनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
मृतक लल्ला दुबे अपने पीछे तीन मासूम बच्चों—12 वर्षीय सौरभ, 10 वर्षीय शिवांश और 8 वर्षीय लक्ष्मी—को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुराना विवाद, पुलिस पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच भूमि को लेकर करीब 20 वर्षों से विवाद चला आ रहा था, जिसकी जानकारी पुलिस को भी थी। इसके बावजूद समय रहते प्रभावी कार्रवाई न होने से यह विवाद जानलेवा घटना में बदल गया। इसे लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि दोनों पक्ष आपस में पट्टीदार हैं और विवाद पुराना है। पुलिस ने छत्तर बली दुबे समेत उनके चारों बेटों के खिलाफ हत्या और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया।
इस घटना ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विवाद का समाधान किया गया होता, तो शायद एक जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें