गोंडा, 27 अगस्त 2025।जिला पंचायत सभागार, गोंडा में एक गरिमामयी समारोह के अंतर्गत बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग में नव चयनित 37 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। यह आयोजन नारी सशक्तिकरण और बाल विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने मुख्य सेविकाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नई टीम समाज में कुपोषण उन्मूलन, बाल अधिकारों की रक्षा और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाने में अहम योगदान देगी।
इस अवसर पर विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पाण्डेय, विधायक गौरा प्रभात कुमार वर्मा और विधायक करनैलगंज अजय सिंह ने भी नव नियुक्त सेविकाओं को संबोधित किया और कहा कि सरकार की मंशा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने की है, जिसमें मुख्य सेविकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने चयनित मुख्य सेविकाओं को दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी से करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों और महिलाओं के समग्र विकास में सेविकाओं को पूर्ण निष्ठा से कार्य करना होगा। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने विभागीय कार्यों में सहयोग और मार्गदर्शन का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में सांसद गोंडा प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र ने कहा कि यह नियुक्तियाँ प्रदेश सरकार की महिला सशक्तिकरण नीति को धरातल पर उतारने का सशक्त उदाहरण हैं।
समारोह में जिला कार्यक्रम अधिकारी उपाध्याय, परियोजना अधिकारी अभिषेक कुमार दूबे, राम प्रकाश मौर्या सहित विभाग के अन्य अधिकारी और चयनित मुख्य सेविकाएँ उपस्थित रहीं।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







