ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के खिलाफ लामबंद हुए अधिवक्ता, सोमवार से धरने का ऐलान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुकदमों के निस्तारण और जमानत प्रक्रिया को लेकर दूसरे दिन भी प्रदर्शन, शनिवार तक कार्य बहिष्कार जारी रखने का निर्णय

 

महराजगंज (रायबरेली)। तहसील प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल की कार्यशैली से नाराज अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। आक्रोशित वकीलों ने तहसील परिसर से मुख्य सड़क तक नारेबाजी कर अपना विरोध जताया और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

अधिवक्ताओं का आरोप है कि राजस्व संहिता की धारा 38, 76 और 80 से संबंधित मुकदमों का समय से निस्तारण नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि कई मामलों में सुनवाई के बावजूद न्यायसंगत प्रक्रिया का पालन किए बिना मनमाने आदेश पारित किए जा रहे हैं। वहीं, शांति भंग से जुड़े मामलों में भी एक जमानत पर रिहाई नहीं होने से वादकारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

शनिवार तक कार्य बहिष्कार, सोमवार से धरने की चेतावनी

 

तहसील बार एसोसिएशन और महराजगंज बार एसोसिएशन की संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शनिवार तक अधिवक्ता पूर्ण कार्य बहिष्कार करते हुए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ और समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

 

अधिवक्ताओं को मिला भाजपा नेताओं का समर्थन

 

आंदोलन को मजबूती देने के लिए अधिवक्ताओं ने रायबरेली जिले की सभी बार एसोसिएशनों से समर्थन मांगा है। उधर, मामले के राजनीतिक तूल पकड़ने के बीच भाजपा नेता दिनेश सिंह राठौर और आरती गौतम भी अधिवक्ताओं के समर्थन में सामने आए हैं। दोनों नेताओं ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और अधिवक्ताओं व तहसील प्रशासन के बीच जारी गतिरोध को समाप्त कराने की मांग की है।

 

प्रदर्शन में वरिष्ठ अधिवक्ता विद्यासागर अवस्थी, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, सुरेन्द्र श्रीवास्तव, नागेंद्र सिंह, पंकज श्रीवास्तव, प्रदीप श्रीवास्तव, अखिलेश श्रीवास्तव, केतार यादव, अशोक कुमार पाल, राजेश शुक्ल, सतीश द्विवेदी, ज्योति प्रकाश अवस्थी, सर्वेश कुमार अवस्थी, सुनील द्विवेदी, मनीष तिवारी, भूपेश मिश्र, दुष्यंत शुक्ल, राधेश्याम सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें