चरित्र सत्यापन में लापरवाही पर तत्कालीन इंस्पेक्टर और कंप्यूटर ऑपरेटर निलंबित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गलत व्यक्ति का आपराधिक रिकॉर्ड आवेदक की चरित्र सत्यापन रिपोर्ट में हुआ था दर्ज, जांच के बाद कार्रवाई

गोण्डा, 08 अक्टूबर। चरित्र सत्यापन में गंभीर लापरवाही और पर्यवेक्षण में शिथिलता सामने आने पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक करनैलगंज और कंप्यूटर ऑपरेटर को निलंबित कर दिया है। मामले में अन्य विभागीय कार्रवाई भी जारी है।पुलिस के अनुसार, करनैलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बसालतपुर निवासी अंकित श्रीवास्तव पुत्र महेश्वरी श्रीवास्तव ने चरित्र प्रमाण-पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन सीसीटीएनएस के माध्यम से थाना करनैलगंज पहुंचा था।

सत्यापन के दौरान समान नाम और पिता के नाम वाले ग्राम रूदौलिया निवासी दूसरे व्यक्ति के खिलाफ दर्ज मुकदमा संख्या 384/2024 का आपराधिक विवरण गलती से अंकित श्रीवास्तव की चरित्र सत्यापन रिपोर्ट में दर्ज कर ऑनलाइन अग्रसारित कर दिया गया।

मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने क्षेत्राधिकारी करनैलगंज से जांच कराई। जांच में सामने आया कि कंप्यूटर ऑपरेटर ने केवल आवेदक के नाम और पिता के नाम के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर दी और पते का समुचित सत्यापन नहीं किया।प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर शिथिल पर्यवेक्षण के आरोप में तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र प्रताप राय तथा गंभीर लापरवाही के आरोप में कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी संजय मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ अन्य विभागीय कार्रवाई भी प्रचलित बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि आवेदक अंकित श्रीवास्तव के गलत बने चरित्र प्रमाण-पत्र का दोबारा सही सत्यापन कराया गया है और संशोधित एवं सही चरित्र प्रमाण-पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें