


प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की
गोण्डा, 16 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितम्बर को शाम 7 बजे जनपद में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत जिले के विभिन्न प्रमुख धार्मिक, सार्वजनिक एवं विकास से जुड़े स्थलों पर दीप जलाकर विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से लोगों को जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सभागार में प्रभारी मंत्री आशीष पटेल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं समन्वित तरीके से पूरी करने तथा कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनपद में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए झालीधाम आश्रम, बालाजी मंदिर रामलीला मैदान, मिश्रौलिया ओवरब्रिज, केशवपुर-पहाड़वा ओवरब्रिज, सोनी गुमटी ओवरब्रिज, मेडिकल कॉलेज, परसपुर चचरी से गौरीगंज मार्ग रोड करनैलगंज, पसका सरयू घाट के नवनिर्माण स्थल, नागेश्वर बाबा आश्रम, अशोकपुर पोखरा, नगर पंचायत तरबगंज, नगर पंचायत बेलसर, हनुमानगढ़ी मंदिर वजीरगंज, अटल आवासीय विद्यालय मनकापुर, स्वामी नारायण छपिया मंदिर तथा गौरा बुजुर्ग मानसरोवर स्थल को प्रमुख स्थानों के रूप में चिन्हित किया गया है।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना, पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।उन्होंने बताया कि सेवा दिवस के अवसर पर लोग अपने घरों, प्रतिष्ठानों, सरकारी भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाकर अभियान से जुड़ेंगे। इसके साथ ही प्रत्येक विकासखंड में एक सप्ताह तक विशेष शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं के समाधान तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक गौरा, एमएलसी गोण्डा/बलरामपुर, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, सांसद गोण्डा/केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री के प्रतिनिधि सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।





