पीडीए जनपंचायतों के जरिए गांव-गांव पहुंच रही सपा, विधायक श्याम सुंदर भारती ने तेज किया जनसंपर्क

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज/रायबरेली। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी ने भी संगठनात्मक तैयारियों और जनसंपर्क अभियान को गति दे दी है। इसी क्रम में बछरावां विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक श्याम सुंदर भारती ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गांव-गांव पहुंचकर पीडीए जनपंचायत एवं नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों से संवाद किया।

मंगलवार और बुधवार को विधायक ने विधानसभा क्षेत्र के थुलेंडी, रामपुर, मोहिद्दीनपुर, इंदौरा, बबुरिहा, चंदापुर, उदयी का पुरवा मजरे कैर तथा टूक गांव में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों और जनसुविधाओं को लेकर चर्चा की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लखनऊ जनपद के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मनोज कुमार पाल रहे। उन्होंने कहा कि पीडीए की अवधारणा सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की लड़ाई से जुड़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक करने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

जनता से संवाद हमारी प्राथमिकता: श्याम सुंदर भारती

सपा विधायक श्याम सुंदर भारती ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और सभी वर्गों के सम्मान की बात करती है। पीडीए जनपंचायतों के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार जनसंपर्क करने की अपील की।

विधायक ने अपने संबोधन में क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विधायक निधि से पक्की सड़क, इंटरलॉकिंग मार्ग, सोलर एवं स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट, वाटर कूलर, विद्यालय भवन, खड़ंजा निर्माण तथा ड्रेनों की सफाई सहित विभिन्न कार्य कराए गए हैं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास जारी हैं और जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे भी कराया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं से ग्रामीणों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, क्षेत्रीय नागरिक और ग्रामीण मौजूद रहे। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने विधायक का स्वागत किया तथा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों पर चर्चा की।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें