


गोण्डा। सोमवार सुबह जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने शहर स्थित प्राचीन दुखहरन नाथ मंदिर पहुंचकर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दूर-दराज से आए कांवड़िया श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनसे व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने श्रद्धालुओं से पूछा कि उन्हें मंदिर तक पहुंचने, जलाभिषेक तथा अन्य व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है।
डीएम ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल और भीड़ प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहे।
इस दौरान प्रशासनिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








