


महराजगंज, रायबरेली। शनिवार, 12 सितंबर 2026 को प्राचीन दानेश्वर शिव मंदिर से हजारों की संख्या में कांवरियों का जत्था धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ डलमऊ गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेने के लिए रवाना हुआ। कांवरियों के प्रस्थान के साथ ही पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा।

कांवरियों की यात्रा रुद्र नगर से शुरू हुई। श्रद्धालु प्राचीन दानेश्वर शिव मंदिर पहुंचे, जहां भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन के बाद पैदल डलमऊ गंगा घाट के लिए रवाना हुए। डलमऊ पहुंचकर कांवरिये गंगा स्नान कर पवित्र गंगाजल लेकर पैदल वापस लौटेंगे और दानेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक करेंगे।
यात्रा के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू, सामाजिक कार्यकर्ता श्रीकांत त्रिपाठी एवं प्रतिष्ठित व्यवसायी शिवशरण साहू ने कांवरियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं को स्वल्पाहार, फल एवं मिष्ठान वितरित किया गया। उन्होंने कांवरियों की सुरक्षित, सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू ने कहा कि भगवान शिव की भक्ति में निकली कांवर यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का भी प्रतीक है। उन्होंने बाबा दानेश्वर महादेव से सभी कांवरियों की यात्रा निर्विघ्न और मंगलमय होने की कामना की।
कांवरियों के रवाना होने के दौरान क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने भी यात्रा का स्वागत करते हुए श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया और उनके मंगलमय सफर की कामना की।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








