तेज रफ्तार वैगनआर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल, लखनऊ में चल रहा इलाज मुकदमा दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज, रायबरेली। सलेथू स्थित ग्रामीण बैंक के पास तेज रफ्तार वैगनआर कार ने बाइक सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार राजाराम वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल से लखनऊ के अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनके बाएं पैर का ऑपरेशन किया गया है और अभी इलाज चल रहा है।

पीड़ित के भाई राम नन्द वर्मा द्वारा कोतवाली महराजगंज में दी गई तहरीर के अनुसार, राजाराम वर्मा पुत्र स्व. शंकर प्रसाद वर्मा निवासी हनुमन्त पुरम, थाना कोतवाली रायबरेली, 13 अगस्त को दोपहर करीब 1:30 बजे मोटरसाइकिल संख्या UP 33 Q 1295 से महराजगंज से बछरावां की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सलेथू ग्रामीण बैंक के पास पीछे से तेज रफ्तार एवं लापरवाही से आ रही लाल रंग की वैगनआर कार संख्या UP 33 N 5511 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से राजाराम बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर, पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रायबरेली रेफर किया गया। बाद में परिजन उन्हें लखनऊ के अपोलो अस्पताल ले गए। जांच में बाएं पैर में फ्रैक्चर पाया गया, जिसके बाद ऑपरेशन किया गया। घायल राजाराम अभी अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार जारी है।

हालत में कुछ सुधार होने के बाद पीड़ित के भाई ने 26 अगस्त को पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें