बाढ़ से कोटवा मदनिया ग्राम पंचायत में हालात बदतर, घरों में घुसा पानी; 90 फीसदी फसल बर्बाद होने का दावा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज, रायबरेली। विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोटवा मदनिया में बाढ़ और जलभराव से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दरियागंज गांव में जलभराव की स्थिति गंभीर होने के कारण पानी लोगों के घरों तक पहुंचने लगा है। ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ का पानी गांव और खेतों में पहुंचने से उनकी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। लगातार जलभराव के चलते कच्चे मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है और कई कच्चे घर गिरने लगे हैं। जिन ग्रामीणों के मकान पहले ही गिर चुके हैं, वे पन्नी तानकर किसी तरह गुजर-बसर करने को मजबूर हैं।ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सत्रोहन वर्मा ने बताया कि कोटवा मदनिया ग्राम पंचायत में करीब 90 प्रतिशत फसल बर्बाद हो चुकी है। उनका आरोप है कि बाढ़ और जलभराव की गंभीर स्थिति के बावजूद अभी तक प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं का जायजा नहीं लिया है।प्रधान प्रतिनिधि ने आवास योजना की सूची को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जिन पात्र ग्रामीणों के सिर पर छत तक नहीं है और जो बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन गुजार रहे हैं, उनके नाम आवास सूची से काट दिए गए हैं। वहीं, कथित रूप से अपात्र लोगों के नाम सूची में शामिल किए जाने का आरोप लगाया गया है।

बाढ़ और आवास योजना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव का तत्काल निरीक्षण कर जलनि कासी की व्यवस्था कराने, बर्बाद हुई फसलों का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने तथा पात्र गरीब परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही राहत और बचाव के कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें