


महराजगंज/रायबरेली। मिशन शक्ति फेस-5.0 के द्वितीय चरण के तहत मंगलवार को राजकीय विद्यालय हलोर में थाना महाराजगंज की मिशन शक्ति टीम ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यालय की बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति टीम ने बालिकाओं को 1090, 1076, 108, 102, 112, 1098, 181, 101 और 1930 सहित विभिन्न टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। टीम ने विशेष रूप से 1090 महिला हेल्पलाइन के बारे में बताया कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाती है।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को साइबर अपराध से बचने के उपाय बताए गए। उन्हें मोबाइल फोन का सीमित और सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के साथ ओटीपी या निजी जानकारी साझा न करने के प्रति भी जागरूक किया गया। इसके अलावा नशे से दूर रहने तथा गुड टच और बैड टच की जानकारी भी दी गई।
टीम ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नारी शक्ति वंदन योजना और वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी बालिकाओं को दी।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम की ओर से उपनिरीक्षक लालजी यादव, कांस्टेबल रितिक सिंह, महिला हेड कांस्टेबल गीता सिंह, महिला आरक्षी ज्योति एवं महिला रिक्रूट आरक्षी राधा कुमारी मौजूद रहीं। टीम ने बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में बिना संकोच पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







