


महराजगंज/रायबरेली। महराजगंज के हैदरगढ़ रोड स्थित सूर्या उत्सव लॉन में रविवार को समाजवादी पार्टी का पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी से पार्टी नेताओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम की अगुवाई महराजगंज-बछरावां विधायक श्यामसुंदर भारती ने की, जबकि मुख्य अतिथि सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था, महंगाई और जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में जुटी भीड़ प्रदेश की राजनीतिक दिशा में बदलाव का संकेत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया।
श्यामलाल पाल ने कहा कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सपा की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पार्टी की नीतियों तथा पूर्ववर्ती सपा सरकार के विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचानी होगी।
भाजपा छोड़ कई कार्यकर्ताओं ने थामा सपा का दामन
सम्मेलन के दौरान भाजपा से जुड़े रहे कई कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष ने नवागत कार्यकर्ताओं का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है। नवागत कार्यकर्ताओं ने सपा संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
सम्मेलन में पीडीए के मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर दिया गया। नेताओं ने महंगाई, कानून-व्यवस्था और जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। दिल्ली में हुए लाठीचार्ज का मुद्दा भी सम्मेलन में उठाया गया।
कार्यक्रम को विधायक श्यामसुंदर भारती, हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी, विधायक अताउर रहमान, विधायक चंद्रप्रकाश लोधी, प्रदेश सचिव गिरधारी लाल, जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, विधानसभा अध्यक्ष बृजेंद्र चौधरी समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।
सपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की अपील की। सम्मेलन में जुटी भीड़ को नेताओं ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से उत्साहजनक संकेत बताया।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







