

गोण्डा, 22 अगस्त 2026। जनपद में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर जारी रखा है। जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा ले रहे हैं। प्रभावित परिवारों को भोजन, राहत किट और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात लेखपालों को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि राहत एवं बचाव कार्य के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। नदी कटान से प्रभावित किसानों को नियमानुसार कटान राहत सहायता भी वितरित की जा रही है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित गांवों में लगातार लंच पैकेट और राहत किट वितरित किए जा रहे हैं। जरूरतमंद परिवारों को छाता, टॉर्च, मच्छरदानी सहित दैनिक उपयोग की जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं राहत चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर दवाओं का वितरण कर रही हैं और लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दे रही हैं। पशुधन की सुरक्षा के लिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए भूसा भी वितरित कराया जा रहा है।
आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए प्रशासन द्वारा मॉक ड्रिल भी कराई गई। इसमें विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित राहत एवं बचाव कार्रवाई की क्षमता का परीक्षण किया गया।
बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है। संबंधित उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला आपदा विशेषज्ञ, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल और बाढ़ खंड के अधिकारी लगातार प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक भोजन, राहत सामग्री और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






