

गोण्डा, 22 अगस्त 2026। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (SMAM) एवं प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट (PAM) योजना के तहत अनुदान पर कृषि यंत्र खरीदने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्री दयानन्द प्रसाद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के समक्ष चयन प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न हुई।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक गोण्डा श्री संतोष कुमार द्विवेदी ने समिति के पदाधिकारियों एवं उपस्थित किसानों का स्वागत करते हुए ई-लॉटरी की प्रक्रिया की जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी की अनुमति के बाद कृषि विभाग के पोर्टल के माध्यम से विकासखंडवार एवं कृषि यंत्रवार पात्र लाभार्थियों का चयन किया गया।
ई-लॉटरी में कुल 764 किसानों के आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 72 किसानों का चयन कर उनके टोकन कन्फर्म किए गए। चयनित किसानों को मोबाइल फोन पर पोर्टल के माध्यम से चयन एवं टोकन कन्फर्म होने की सूचना भेजी गई है।
उप कृषि निदेशक ने चयनित किसानों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर कृषि विभाग के पोर्टल पर सूचीबद्ध कंपनियों एवं निर्माताओं से ही कृषि यंत्र खरीदें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को केवल लेजर कटिंग सीरियल नंबर वाले कृषि यंत्र ही खरीदने हैं तथा खरीद के बाद बिल निर्धारित समय में विभागीय पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है।
इसके साथ ही विक्रेता से खरीदे गए कृषि यंत्र का विवरण upyantratracking.in पोर्टल पर भी अपलोड कराना होगा। सभी निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही नियमानुसार अनुदान का लाभ दिया जाएगा। निर्धारित समय सीमा में यंत्र खरीदकर बिल अपलोड नहीं करने पर संबंधित किसान का चयन स्वतः निरस्त हो जाएगा।
विभाग ने चयनित किसानों से समय सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने की अपील की है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






