उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि, सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मिलेगी मजबूती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा, 17 अगस्त 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश में कार्यरत उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि की घोषणा के संबंध में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और जिलेभर से पहुंचे उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।

मुख्यमंत्री द्वारा उचित दर विक्रेताओं के हित में लाभांश बढ़ाने की घोषणा किए जाने पर उपस्थित विक्रेताओं ने प्रसन्नता जताई और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लाभांश में वृद्धि से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के संचालन में उन्हें और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि उचित दर विक्रेता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लाभांश वृद्धि को विक्रेताओं के हित में सरकार का महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए कहा गया कि इससे राशन वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने में मदद मिलेगी।

अधिकारियों ने उचित दर विक्रेताओं से अपेक्षा की कि वे पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुसार खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से सुनिश्चित करें। साथ ही शासन की मंशा के अनुरूप सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लाभार्थीपरक बनाए रखने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, गोण्डा सांसद/केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र, कैसरगंज सांसद के प्रतिनिधि संजीव सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह, एआरओ शिव प्रकाश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें