

रायबरेली। वर्ष 2019 में हुई आदित्य प्रताप सिंह उर्फ रवि सिंह चौहान की मौत के मामले में करीब सात साल से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे परिवार की उम्मीदें अब 18 अगस्त 2026 पर टिक गई हैं। मुकदमे में फैसला सुनाने के लिए पहले तीन तारीखें निर्धारित हो चुकी हैं, लेकिन किन्हीं कारणों से निर्णय नहीं हो सका। अब अदालत ने 18 अगस्त को फैसले की तारीख निर्धारित की है।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी किया गया प्रस्तुत
मृतक की बहन रुचि सिंह ने हाल में मीडिया के सामने मामले में उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को अदालत के समक्ष चलाए जाने की मांग उठाई थी। इसके बाद अदालत से इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस चलाने की अनुमति मिली। बताया गया कि गवाहों के बयान के साथ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी न्यायिक प्रक्रिया में प्रस्तुत किया गया।
सात साल से बेटे के न्याय की राह देख रहा परिवार
मृतक के पिता प्रदीप कुमार सिंह लगातार मुकदमे की पैरवी के लिए अदालत के चक्कर लगा रहे हैं। वहीं मां बेटे की मौत के बाद से न्याय की उम्मीद लगाए बैठी हैं। बुजुर्ग बाबा वासुदेव सिंह चौहान भी अपने नाती के लिए न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि लंबा इंतजार उनकी पीड़ा को और बढ़ा रहा है।
रुचि सिंह ने शासन-प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि परिवार वर्षों से फैसले की प्रतीक्षा कर रहा है और अब उनकी उम्मीद अदालत के निर्णय पर टिकी है।
गढ़ी गोदाम के पास मिला था शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला मिल एरिया थाना क्षेत्र में गढ़ी गोदाम के पास का है। बताया जाता है कि 9-10 अक्टूबर 2019 की रात सिकंदरपुर निवासी आदित्य प्रताप सिंह उर्फ रवि पुत्र प्रदीप कुमार सिंह का शव खून से लथपथ हालत में मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
इसके बाद पुलिस ने वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। मृतक के पिता की तहरीर पर शहर के रतापुर चौराहे स्थित सोमू ढाबा के संचालक, वहां काम करने वाले लोगों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की बात सामने आई थी।
18 अगस्त को क्या आएगा फैसला?
करीब सात वर्ष पुराने इस मामले में अब 18 अगस्त 2026 को फैसला सुनाए जाने की तारीख तय है। तीन बार फैसला टलने के बाद पीड़ित परिवार की निगाहें अब अदालत के निर्णय पर टिकी हैं। परिजनों को उम्मीद है कि इस बार लंबे इंतजार का अंत होगा और उन्हें न्याय मिलेगा।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







