सहारनपुर में 11 स्टोन क्रेशरों पर प्रशासन का शिकंजा, भंडारण अनुज्ञप्तियां निलंबित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सहारनपुर। तहसील सदर क्षेत्र के पंचकुआ गांव में संचालित स्टोन क्रेशरों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी सदर और खान निरीक्षक की संयुक्त जांच में 11 स्टोन क्रेशरों में भंडारित उपखनिज की मात्रा और पोर्टल पर प्रदर्शित मात्रा में अंतर पाया गया। जांच आख्या के आधार पर प्रशासन ने संबंधित क्रेशरों की भंडारण अनुज्ञप्तियां तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।

दिनांक 7 अगस्त 2026 को प्रस्तुत संयुक्त जांच आख्या के अनुसार, जांच में विभिन्न स्टोन क्रेशरों पर भंडारित मात्रा और पोर्टल के आंकड़ों में अंतर सामने आया। प्रशासन के अनुसार इस अंतर के चलते संबंधित फर्मों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

जांच में मैसर्स संस्कार क्रिट्स, मैसर्स श्री लक्ष्मी नारायण स्टोन क्रेशर, मैसर्स ठाकुरजी स्टोन क्रेशर, मैसर्स त्रिवेणी इंडस्ट्रीज स्टोन क्रेशर, मैसर्स बाबा केदारनाथ, मैसर्स एमएनएसओ इंडिया स्टोन क्रेशर, मैसर्स श्याम देवाय एंटरप्राइजेज, मैसर्स गणपति एंटरप्राइजेज, मैसर्स श्री शाकुम्भरी एंटरप्राइजेज, मैसर्स वासुदेव एंटरप्राइजेज और मैसर्स श्री राधे श्याम एंटरप्राइजेज में अनियमितताएं परिलक्षित हुईं।

प्रेस नोट के मुताबिक, इन 11 क्रेशरों के मामले में सामने आई अनियमितताओं के बाद भंडारण अनुज्ञप्तियां निलंबित कर दी गई हैं और संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, जांच के दौरान मैसर्स महादेव एंटरप्राइजेज और मैसर्स भगवती स्टोन क्रेशर में कोई अनियमितता नहीं पाई गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टास्क फोर्स द्वारा अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी है। पंचकुआ क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से स्टोन क्रेशर संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें