बहराइच। सावन माह में श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र बुढ़वा बाबा (बूढ़ेश्वर नाथ) मंदिर में इन दिनों सावन विशेष मेले का आयोजन चल रहा है। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण मंदिर परिसर में गंदगी भी जमा हो गई थी। ऐसे में खैरीघाट थाने के इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने खुद सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
सोमवार को मंदिर परिसर में गंदगी देखकर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह स्वयं सफाई करने में जुट गए। उन्होंने परिसर में जमा कूड़े-कचरे को हटाया और आसपास के स्थान को साफ किया। सावन विशेष मेले के दौरान पुलिस अधिकारी का स्वयं सफाई में जुटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
इस दौरान किसी ने इंस्पेक्टर की सफाई करते हुए तस्वीर अपने कैमरे में कैद कर ली। अब यह फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही है। तस्वीर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं द्वारा इंस्पेक्टर के इस प्रयास की सराहना की जा रही है।
लोगों का कहना है कि सावन मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर को स्वच्छ और साफ रखना सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस अधिकारी द्वारा स्वयं आगे बढ़कर सफाई करना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।
अच्छे कार्य की तारीफ भी होनी चाहिए। कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के साथ सामाजिक सरोकार और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का यह प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय है। इससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरणा मिलेगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







