निर्जला एकादशी पर विशाल भंडारे का आयोजन, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्य अतिथि अंजली ने कहा- धार्मिक आयोजन समाज में सौहार्द और सेवा भावना को करते हैं मजबूत।

 

महराजगंज/रायबरेली। क्षेत्र के खेरवा गांव स्थित सूबेदार मेजर रामफल सिंह स्मारक इंटर कॉलेज परिसर में गुरुवार को निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर धार्मिक आस्था एवं जनसेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय की प्रबंधिका योगिता सिंह के नेतृत्व में भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, ग्रामीणों एवं राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विष्णु के पूजन एवं आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य अंजली (शिवगढ़ द्वितीय) ने विद्यालय परिवार के सदस्यों के साथ आगंतुकों का स्वागत किया। सर्वप्रथम श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को शीतल शरबत वितरित किया गया, जिसके बाद प्रसाद स्वरूप पूड़ी-सब्जी एवं लड्डू का वितरण किया गया। भंडारे में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और देर शाम तक प्रसाद वितरण का क्रम जारी रहा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि अंजली ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द एवं सेवा भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों में परस्पर सहयोग और सामाजिक एकता की भावना विकसित होती है, जो समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करती है।

विद्यालय की प्रबंधिका योगिता सिंह ने कहा कि भगवान विष्णु की कृपा एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से यह आयोजन सफल हो सका है। उन्होंने कहा कि भंडारे का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था का प्रदर्शन नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा, सद्भाव और मानवता का संदेश पहुंचाना भी है। भविष्य में भी विद्यालय परिवार सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों के माध्यम से जनकल्याण के कार्य करता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु के जयकारों के साथ प्रसाद ग्रहण किया तथा आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। पूरे परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर अनिल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भरत मिश्र, ब्लॉक अध्यक्ष अंकुर जायसवाल, सामाजिक कार्यकर्ता एवं कांग्रेस नेता प्रिंसू वैश्य, राजेश भारती, रामचंद्र सिंह, सैयद जावेद, पूर्व जिला पंचायत सदस्य केदार पासी, शिक्षक आकाश अवस्थी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें