कर्नलगंज/गोण्डा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कर्नलगंज में चिकित्सकों की अनुपस्थिति एवं स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही संबंधी समाचार प्रकाशित होने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) गोण्डा ने मामले का संज्ञान लेते हुए बुधवार सुबह सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। सुबह लगभग 9 बजे सीएमओ की टीम अस्पताल पहुंची और करीब एक घंटे तक विभिन्न व्यवस्थाओं की गहन जांच-पड़ताल की।

निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों के चैंबर, ओपीडी, एक्स-रे कक्ष, उपस्थिति पंजिका सहित अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई चिकित्सक बिना अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित पाए गए, जिस पर संबंधित चिकित्सकों को नोटिस जारी किए जाने की जानकारी मिली है। वहीं अस्पताल परिसर में व्याप्त गंदगी को लेकर सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सीएचसी अधीक्षक को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

इसके अलावा अस्पताल परिसर में मोटरसाइकिल स्टैंड की अव्यवस्थित स्थिति तथा बाहर खड़े वाहनों को लेकर भी सीएमओ ने असंतोष जताया। उन्होंने सुरक्षा गार्ड को वाहनों की समुचित पार्किंग सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए व्यवस्था दुरुस्त करने की चेतावनी दी। सीएमओ के औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में पूरे दिन हलचल बनी रही।

गौरतलब है कि हिन्द लेखनी न्यूज द्वारा 2 जून 2026 को सीएचसी कर्नलगंज में कई चिकित्सकों की कुर्सियां सुबह देर तक खाली रहने तथा कुछ चिकित्सकों के अनुपस्थित रहने संबंधी समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए की गई कार्रवाई को अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






