गोण्डा, 01 जून। जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने सोमवार को जनपद के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर का संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा पर्यटन विकास के दृष्टिगत आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर के समीप स्थित तालाब की स्थिति का अवलोकन किया और उसके सौन्दर्यीकरण एवं नियमित साफ-सफाई की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी रुपईडीह, कार्यदायी संस्था सी एण्ड डीएस तथा पर्यटन विभाग को संयुक्त रूप से तालाब की सफाई, सौन्दर्यीकरण और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही तालाब के आसपास हरियाली विकसित करने, समुचित प्रकाश व्यवस्था कराने तथा परिसर को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर जनपद का प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास से न केवल श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को प्रस्तावित विकास कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराते हुए नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज






