ट्वीट के बाद हरकत में आया प्रशासन, कर्नलगंज में डग्गामार वाहनों पर चला चेकिंग अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

गोंडा। गोंडा-लखनऊ हाईवे पर अवैध टैक्सी स्टैंड और डग्गामार वाहनों के खिलाफ सोशल मीडिया पर उठे सवालों के बाद आखिरकार पुलिस और परिवहन विभाग हरकत में नजर आया। कर्नलगंज क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर कई अवैध रूप से संचालित वाहनों का चालान किया गया।

दरअसल, करनैलगंज नगर स्थित बहराइच मोड़, परसपुर-कटरा मार्ग और हुजूरपुर रोड पर लंबे समय से अवैध टैक्सी स्टैंड संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवे किनारे डबलडेकर बसों, टैक्सियों और डग्गामार वाहनों के खड़े होने से आए दिन जाम और सड़क हादसे हो रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के बजाय मौन साधे हुए थे।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद परिवहन विभाग एवं पुलिस प्रशासन ने संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान करनैलगंज चौराहा एवं बरगदी मोड़ चौराहा पर वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई। बिना वैध परमिट संचालित वाहनों, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

अधिकारियों ने वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा के पालन के प्रति जागरूक भी किया। एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि सिर्फ चालान से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उनका आरोप है कि अवैध स्टैंड संचालकों द्वारा प्रतिमाह लाखों रुपये की अवैध वसूली की जाती है और प्रशासनिक संरक्षण के बिना यह संभव नहीं है। लोगों ने मांग की है कि हाईवे से अवैध टैक्सी स्टैंड पूरी तरह हटाए जाएं ताकि जाम और हादसों से राहत मिल सके।

अब देखना यह होगा कि यह कार्रवाई केवल औपचारिकता साबित होती है या वास्तव में हाईवे को अवैध कब्जों और डग्गामार वाहनों से मुक्त कराया जाएगा।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें