

सपा विधायक श्याम सुंदर भारती ने किया शिविर का शुभारंभ, आयुष्मान लाभार्थियों को मिली निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा
महराजगंज, रायबरेली। क्षेत्रीय जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को रायबरेली रोड पर बजाज एजेंसी के निकट निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मेंद्र सिंह (एमबीबीएस, एमएस ऑप्थैल्मोलॉजी) ने मरीजों का परीक्षण किया। इस दौरान आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को मोतियाबिंद सहित आंखों की विभिन्न बीमारियों के निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण, डायबिटिक रेटिनोपैथी की जांच एवं उपचार तथा चश्मे की सुविधा भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सपा विधायक श्याम सुंदर भारती ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों से कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को काफी लाभ मिलता है। लोगों को एक ही स्थान पर निःशुल्क जांच और उपचार की सुविधा मिलना सराहनीय पहल है। उन्होंने शिविर में उपस्थित चिकित्सकों एवं आयोजकों को इस जनहितकारी आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।
शिविर का आयोजन खिदमत-ए-खल्क सोसाइटी (जन सेवा समिति), महराजगंज की ओर से किया गया। आयोजकों ने कहा कि क्षेत्रीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और जरूरतमंदों की सेवा के उद्देश्य से ऐसे शिविरों का आयोजन महत्वपूर्ण है।
इस मौके पर पूर्व सभासद एवं अधिवक्ता फिरोज अहमद, पूर्व अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सोमनाथ वैश्य, शिवम यादव, सूरज यादव, मनोज कुमार तिवारी, पिंटू खान, मोहम्मद आसिफ सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






