एम्स रायबरेली में इलाज के दौरान तोड़ा दम, अज्ञात कार सवार की तलाश और कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर।
महराजगंज, रायबरेली। चंदापुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की एक सप्ताह बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार सुबह एम्स रायबरेली में 30 वर्षीय पवन कुमार यादव ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम छाया हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मोहब्बत नगर मजरे बघैल गांव निवासी पवन कुमार यादव बीती 20 अक्टूबर को दशहरा के दिन बाइक से पहरेमऊ जा रहे थे। गांव से बाहर निकलते ही एक अज्ञात कार सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पवन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए पहले सीएचसी अमांवा ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए एम्स रायबरेली में भर्ती कराया गया था।
एम्स में करीब एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद सोमवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे में घायल युवक की मौत की सूचना मिलने पर चंदापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चंदापुर थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








