कर्नलगंज में सपा समर्थित प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी का भव्य स्वागत, योगेश प्रताप सिंह ने जीत के लिए भरा जोश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

23 अक्टूबर को मतदान में अधिकाधिक भागीदारी की अपील, शिक्षकों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने का आह्वान

 

कर्नलगंज, गोण्डा।गोरखपुर-फैजाबाद खंड विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सपा समर्थित प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी का कर्नलगंज कस्बे के श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान आयोजित बैठक में पूर्व मंत्री एवं कर्नलगंज के पूर्व विधायक योगेश प्रताप सिंह ने प्रत्याशी की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं और शिक्षकों से उनके समर्थन में एकजुट होकर पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

बैठक में आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। डॉ. संजयन त्रिपाठी ने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने, उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करने तथा अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता और एकजुटता चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 घर-घर संपर्क कर समर्थन जुटाने पर जोर।

पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी एकजुटता और समर्पण के साथ चुनाव में जुटें। मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाने का प्रयास करें। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और सक्रिय भागीदारी से डॉ. संजयन त्रिपाठी को मजबूती मिलेगी।

बैठक में शिक्षकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर उत्साह दिखाई दिया। वक्ताओं ने मतदान के दिन अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा चुनावी तैयारियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर बल दिया।

 

इस अवसर पर पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह, किसान इंटर कॉलेज भभुआ के प्रधानाचार्य धर्मवीर सिंह, प्रधानाचार्य शिवेंद्र सिंह, दिनेश ओझा, कृष्ण कुमार पांडेय, श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य गजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, पंडित माधव प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज शाहपुर के प्रबंधक अरविंद कुमार तिवारी, उमेश प्रताप सिंह स्मारक महाविद्यालय भभुआ के प्रधानाचार्य डॉ. चंदेश्वर मिश्रा, वरिष्ठ शिक्षक सुरेंद्र बहादुर पासवान (धमरैया), शांति देवी इंटर कॉलेज नारायणपुर के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार त्रिपाठी तथा समाजवादी पार्टी के कर्नलगंज विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

**कर्नलगंज से पवन देव सिंह की रिपोर्ट**

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें