क्षेत्र में कार्य के दौरान न हो कोई परेशानी, सभी प्रक्रियाओं की जानकारी अनिवार्य ।
**गोण्डा, 09 अक्टूबर।** भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना को सुचारु, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय, गोण्डा में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मास्टर ट्रेनर्स विनीत कुमार मिश्र एवं राकेश कुमार शुक्ला से प्रशिक्षण की प्रक्रिया, जनगणना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं तथा प्रशिक्षणार्थियों को दी जा रही जानकारी के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और सावधानी के साथ संपन्न कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक बिंदु को ध्यानपूर्वक समझें और प्रशिक्षण के दौरान अपनी सभी शंकाओं का समाधान अवश्य कर लें, ताकि क्षेत्र में कार्य करते समय किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
उन्होंने प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि जनगणना से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं एवं दिशा-निर्देशों को सरल और स्पष्ट तरीके से समझाया जाए। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित प्रक्रिया का भली-भांति अध्ययन करें और अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य की सफलता के लिए सही जानकारी, आपसी समन्वय और कार्य के प्रति सजगता बेहद आवश्यक है। सभी संबंधित कार्मिक निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, जिससे जनगणना का कार्य व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया तथा जनगणना कार्य को त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।
कर्नलगंज से पवनदेव सिंह की रिपोर्ट।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।



