हाईटेंशन तार व रेलवे क्रॉसिंग के पास नहीं लगेंगे पंडाल, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर

गोण्डा, 08 अक्टूबर। आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी धर्मगुरुओं और नागरिकों से त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधि से बचें। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धार्मिक भावनाएं भड़काने, दुष्प्रचार करने या माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी निगरानी
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और बिना सत्यापन के कोई पोस्ट या संदेश प्रसारित न करें। किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को सूचना देने को कहा गया।
हाईटेंशन तार और रेलवे क्रॉसिंग के पास नहीं लगेंगे पंडाल
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी दुर्गा पूजा पंडाल हाईटेंशन विद्युत तारों के नीचे अथवा उनके पास और रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक नहीं लगाया जाए। सभी पंडालों के आसपास पर्याप्त पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि सभी पंडाल स्थलों, विसर्जन स्थलों और विसर्जन मार्गों का एसडीएम, सीओ और थानाध्यक्ष स्वयं भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें और आवश्यक इंतजाम समय से पूरा कराएं।
विसर्जन घाटों पर होंगे विशेष इंतजाम
मूर्ति विसर्जन घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, गोताखोर, साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विसर्जन के दौरान नाबालिग बच्चों के शामिल नहीं होने की जिम्मेदारी आयोजनकर्ताओं को सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीजे की आवाज सामान्य रखने के निर्देश
सभी थाना प्रभारियों को डीजे संचालकों से संपर्क कर ध्वनि की गति निर्धारित एवं सामान्य स्तर पर रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश देने को कहा गया।
बैठक में सभी उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।





