चीनी मिलों के पेराई सत्र की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, भुगतान में तेजी लाने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुन्दुरखी मिल के गन्ना मूल्य भुगतान पर डीएम नाराज, किसानों की शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम होंगे स्थापित

गोण्डा, 08 अक्टूबर। आगामी गन्ना पेराई सत्र को लेकर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद की चीनी मिलों के अध्यासी/प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में किसानों को समय से गन्ना मूल्य भुगतान, शिकायतों के त्वरित निस्तारण, सुरक्षित गन्ना परिवहन, सड़क व्यवस्था, जीपीएस और पेराई सत्र समय से शुरू कराने समेत विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने चीनी मिल कुन्दुरखी द्वारा अब तक मात्र 51.86 प्रतिशत गन्ना मूल्य भुगतान किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि चक्रवात और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध अन्य मदों से भी गन्ना मूल्य भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भुगतान में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्देशों का पालन न होने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हर मिल में बनेगा कंट्रोल रूम

डीएम ने सभी चीनी मिलों को अपने परिसर में किसानों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। कंट्रोल रूम में आठ-आठ घंटे की पाली में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी तथा शिकायतों के लिए अलग रजिस्टर बनाया जाएगा। प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

गन्ना वाहनों पर लाल कपड़ा और रिफ्लेक्टर अनिवार्य

सड़क सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पेराई सत्र शुरू होने से पहले गन्ना ढुलाई करने वाले वाहनों पर 2.5×5 मीटर का लाल कपड़ा और रिफ्लेक्टर क्रॉस अनिवार्य रूप से लगाया जाए। क्रय केंद्र से मिल गेट तक गन्ना ले जाने वाले सभी वाहनों में जीपीएस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके साथ ही गन्ना चेकिंग कर्मचारियों और अधिकारियों को गन्ने की प्रजातियों की पहचान के लिए प्रशिक्षण दिलाने को कहा गया, ताकि गन्ने को डी-ग्रेड करने की प्रक्रिया पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि मिल द्वारा जिस प्रजाति की पर्ची जारी की जाए, उसी प्रजाति का गन्ना मिल को आपूर्ति करें।

गन्ना परिवहन मार्गों की होगी मरम्मत

डीएम ने चीनी मिलों को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों का निरीक्षण कर गन्ना परिवहन मार्गों की स्थिति का परीक्षण करने तथा जरूरत के अनुसार मरम्मत और सुधार कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि पेराई सत्र के दौरान किसानों और गन्ना परिवहन वाहनों को आवागमन में परेशानी न हो।

बैठक में बताया गया कि चीनी मिल मैजापुर में 11 नवंबर, कुन्दुरखी में 15 नवंबर तथा मनकापुर में 18 नवंबर 2026 से पेराई सत्र शुरू होने की संभावना है। जिलाधिकारी ने मिल प्रबंधनों को इससे पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, सहायक चीनी आयुक्त कुशलपाल सिंह, जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित चीनी मिलों के अधिकारी मौजूद रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें