सैनिक सम्मेलन एवं अपराध गोष्ठी में सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की हुई समीक्षा।

गोण्डा। आगामी दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पुलिस लाइन गोण्डा के सभागार में पुलिस अधीक्षक अभिषेक की अध्यक्षता में सैनिक सम्मेलन एवं अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में पुलिसकर्मियों की समस्याओं से लेकर त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण तक विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

इसके बाद आयोजित अपराध गोष्ठी में आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा, प्रतिमा स्थापना, पूजा पंडाल और विसर्जन स्थलों की थाना-वार सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को पूजा समितियों, आयोजकों और स्थानीय संभ्रांत लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर पर्याप्त पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संवेदनशील एवं चिन्हित स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, लगातार पैदल गश्त और क्षेत्र भ्रमण बढ़ाने के साथ ही प्रतिमा विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया।
अपराधियों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर ।
अपराध नियंत्रण की समीक्षा के दौरान एसपी ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की प्रभावी चेकिंग, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। यक्ष ऐप पर की जा रही कार्यवाही की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध सूचनाओं एवं प्रकरणों पर समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा गया।
वहीं आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
लंबित विशेष अपराधों की थाना-वार समीक्षा करते हुए विवेचकों से प्रगति की जानकारी ली गई। लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने, साक्ष्यों का संकलन करने और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अपहरण के मामलों में पीड़िताओं एवं अपहृताओं की शीघ्र बरामदगी के लिए विशेष संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई करने को कहा गया।
सीसीटीवी और सोशल मीडिया पर भी निगरानी
एसपी ने हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में प्रभावी पैरवी करने तथा उनकी वर्तमान गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा जनपद के महत्वपूर्ण एवं चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की समीक्षा की गई। आवश्यक स्थानों को सीसीटीवी कवरेज में लाने तथा लगाए गए कैमरों के सुचारु संचालन और नियमित निगरानी पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी छोटी-बड़ी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करें। साथ ही सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली भ्रामक अथवा अफवाहजनक सूचनाओं पर सतर्क निगरानी रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल तथ्यात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जाए।
एसपी ने कहा कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ ड्यूटी करें तथा किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने दें।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








