जिला विकास अधिकारी ने सभी बीडीओ को दिए सहयोग के निर्देश, SIS के विज्ञापन में 1100 पदों पर भर्ती।
गोण्डा। जिले में सुरक्षा गार्डों एवं सुपरवाइजरों की भर्ती को लेकर विकास खंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला विकास अधिकारी कार्यालय की ओर से सभी खंड विकास अधिकारियों को पत्र जारी कर संस्था के भर्ती शिविरों के आयोजन में नियमानुसार सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला विकास अधिकारी गोण्डा द्वारा 31 जुलाई 2026 को जारी पत्र में रीजनल ट्रेनिंग सेंटर, लखनऊ के कमांडेंट एम.आर. जयसवाल के पत्र का हवाला देते हुए बताया गया है कि एएसडीएस के अंतर्गत सुरक्षा कर्मियों के लिए पंजीयन शिविर आयोजित किए जाने हैं। संस्था द्वारा नामित भर्ती अधिकारी चंदन कुमार मौर्य के संपर्क करने पर संबंधित विकास खंड स्तर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में 1100 जवानों की होगी भर्ती।
इसी क्रम में सामने आए SIS ग्रुप के भर्ती विज्ञापन में गोण्डा जिले में 1000 सुरक्षा जवान और 100 सुपरवाइजर के पदों पर भर्ती का दावा किया गया है। विज्ञापन के अनुसार सुरक्षा जवान एवं सुपरवाइजर के लिए वेतन 15 हजार से 30 हजार रुपये तक बताया गया है। अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 167.5 सेंटीमीटर तथा आयु सीमा 19 से 40 वर्ष दर्शाई गई है।
विज्ञापन में वार्षिक वेतन वृद्धि, समय-समय पर प्रमोशन, सरकारी पेंशन, पीएफ, ग्रेच्युटी, बोनस, मेडिकल सुविधा, इंश्योरेंस और बच्चों की पढ़ाई जैसी सुविधाओं का भी उल्लेख किया गया है।
कर्नलगंज में 9 और 10 अक्टूबर को शिविर
जिले के विभिन्न स्थानों पर भर्ती शिविरों की तिथियां भी जारी की गई हैं। इनमें कर्नलगंज में 9 व 10 अक्टूबर 2026, कटराबाजार में 5 व 6 अक्टूबर, इटियाथोक में 7 व 8 अक्टूबर, हलधरमऊ में 12 व 13 अक्टूबर, मुजेहना में 17 व 19 अक्टूबर, छपिया में 21 व 22 अक्टूबर, रुपईडीह में 23 व 24 अक्टूबर, पंडरीकृपाल में 26 व 27 अक्टूबर तथा झंझरी में 28 व 29 अक्टूबर 2026 को शिविर प्रस्तावित बताए गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुल्क 350 रुपये दर्शाया गया है। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान निर्धारित ड्रेस एवं अन्य सामग्री के लिए अलग से शुल्क संबंधी जानकारी भी दी गई है।
जिला विकास अधिकारी के पत्र के अनुसार संबंधित विकास खंडों को शिविर आयोजन में आवश्यक सहयोग और कार्रवाई सुनिश्चित करनी है। वहीं भर्ती विज्ञापन में दिए गए पद, वेतन, शुल्क एवं अन्य सुविधाएं SIS द्वारा जारी विज्ञापन में किए गए दावे हैं; अभ्यर्थियों को पंजीकरण से पहले संस्था की अधिकृत जानकारी और भर्ती की शर्तों की पुष्टि करने की सलाह दी जाती है।
कर्नलगंज से पवनदेव सिंह की रिपोर्ट
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








