18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवाओं का मतदाता सूची में होगा पंजीकरण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा। विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के निरंतर पुनरीक्षण-2026 के तहत जिले में मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। निर्वाचन विभाग की ओर से “कोई मतदाता न छूटे” अभियान के तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों के साथ ही बेघर, दिव्यांग और महिला मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करना है।

अपर जिलाधिकारी/अपर जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद झा ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र नागरिक फार्म-6 भर सकते हैं। विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए फार्म-6ए तथा मृतक, स्थानांतरित एवं डुप्लीकेट नाम हटाने के लिए फार्म-7 की व्यवस्था है। मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में संशोधन के लिए निर्धारित फार्म के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

आवेदन बूथ लेवल अधिकारी (BLO), मतदाता पंजीकरण केंद्र, तहसील या जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। इसके अलावा ECINET मोबाइल ऐप और निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

निर्वाचन कार्यालय ने राजनीतिक दलों से भी अपने कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करने की अपील की है। साथ ही सूची में दर्ज नाम एवं अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन कराने को कहा गया है। निर्वाचन विभाग पात्र मतदाताओं को जोड़ने के साथ अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया भी जारी रखेगा।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें